मछंड में मतदाता सूची कार्य में लापरवाही, बूथों पर नहीं मिले बीएलओ और सुपरवाइजर
लहार विधानसभा के ग्राम पंचायत कार्यालय में बूथ 60 और 61 पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं
मछंड/भिंड। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजर की लापरवाही सामने आई है। निर्देश हैं कि विधानसभा और लोकसभा के बूथ क्रमांकों पर वोट बढ़ाने के लिए ये कर्मचारी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। लेकिन मछंड ग्राम पंचायत कार्यालय में बने बूथों पर कर्मचारी नदारद मिल रहे हैं।
बूथ 60 और 61 पर कोई मौजूद नहीं
लहार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 के मछंड ग्राम पंचायत कार्यालय में बूथ क्रमांक 60 और 61 पर वोट बढ़ाने वाला कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। शासन की ओर से 1 अक्टूबर 2026 से बीएलओ को वोट बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन आज तक बीएलओ कार्यालय परिसर में मौजूद नहीं रहे।

अधिकारी को बताने के बाद भी नहीं सुधरे हालात
इस मामले की जानकारी निर्वाचन अधिकारी कमलेश कुमार झा को दी गई, इसके बावजूद लापरवाही बढ़ती जा रही है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि ऐसे कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होगी और क्या जिले में केवल आदेश निकालकर मामले को रफा-दफा करने का चलन चल पड़ा है।
प्रक्रिया बेहद जरूरी
वोट बढ़ाने की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है, फिर भी कर्मचारी इस तरह की लापरवाही बरत रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में ऐसी अनदेखी पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
