खजुराहो/छतरपुर: छतरपुर जिले के खजुराहो में गौतम रिसॉर्ट के कर्मचारियों की हालत अचानक बिगड़ गई। सोमवार शाम लगभग पांच बजे खाने के बाद नौ कर्मचारियों को उल्टी, चक्कर और तेज घबराहट जैसी गंभीर लक्षण महसूस होने लगे। रिसॉर्ट में परोसे गए भोजन में आलू-गोभी की सब्जी शामिल थी।
बीमार पड़े कर्मचारियों में हार्दिक सोनी, प्रागीलाल कुशवाहा, गोलू अग्निहोत्री, बिहारी लाल पटेल, रामस्वरूप कुशवाहा, रवि कौदर, दयाराम कुशवाहा, रोशनी रजक और गिरजा रजक शामिल हैं। प्रारंभिक इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई। हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन परिजन ग्वालियर ले गए। ग्वालियर के अस्पताल में चार कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि पांच अब भी गंभीर हालत में भर्ती हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस हरकत में आ गए। रिसॉर्ट का दौरा कर भोजन के नमूने जब्त किए गए और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। भोजन, पानी और किचन से संबंधित सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
प्रशासन ने रिसॉर्ट प्रबंधन को स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या था।

यह घटना खजुराहो में खाद्य सुरक्षा और रिसॉर्ट्स में सुरक्षा मानकों को लेकर नई चेतावनी भी पेश करती है।
