केरल के मुन्नार में स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान चर्चा का विषय बनी हैं 34 वर्षीय सोनिया गांधी, जिन्हें बीजेपी ने नल्लाथन्नी वार्ड (वार्ड नंबर 16) से उम्मीदवार बनाया है। दिलचस्प बात यह है कि उनका नाम पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलता है। उनके पिता कांग्रेस के कट्टर समर्थक रहे हैं और बेटी का नाम उसी समय की कांग्रेस नेता से प्रेरित होकर रखा गया।
परिवार और राजनीतिक बदलाव :

सोनिया गांधी का परिवार कांग्रेस का समर्थन करता रहा है। पिता मजदूरी करते हैं और राजनीतिक झुकाव के कारण उन्होंने बेटी का नाम लोकप्रिय कांग्रेस नेता पर रखा। विवाह के बाद सोनिया गांधी के राजनीतिक रुझान बदल गए, क्योंकि उनके पति सुभाष भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। पति के प्रभाव में उन्होंने भाजपा से जुड़कर स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई।
चुनावी मुकाबला और नतीजे की तैयारी :

सोनिया गांधी का मुकाबला इस बार कांग्रेस प्रत्याशी मंजुला रमेश और सीपीएम की वलारमती से होगा। नाम के कारण यह सीट चुनाव क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और कांग्रेस के लिए यह चुनौतीपूर्ण स्थिति पेश कर रही है। केरल में निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में होंगे और नतीजे 13 दिसंबर को घोषित होंगे।
