धार के जयंती माता मंदिर में हुई चोरी का अमझेरा पुलिस ने आठ दिनों में खुलासा किया। तीन आरोपी गिरफ्तार कर चांदी के छत्र, मुकुट, आभूषण, बाइक और औजार जब्त किए गए।
जयंती माता मंदिर चोरी का खुलासा: 8 दिन में तीन आरोपी गिरफ्तार, चांदी के छत्र-मुकुट सहित सामान बरामद
दैनिक स्वराज वाणी | धार
धार जिले के ग्राम जयंतीमाता स्थित जयंती माता मंदिर में हुई चोरी के मामले का अमझेरा पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए चांदी के छत्र, मुकुट और आभूषण सहित वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं औजार जब्त किए गए हैं। चोरी का माल खरीदने से जुड़ा एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को अज्ञात बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता के आभूषण और दानपेटी से नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना अमझेरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी राजू मकवाना के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 7 अक्टूबर को मांगोद-कानवन मार्ग स्थित ग्राम भरावदा फाटे से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मगरसिंह (40), नूरसिंह उर्फ नूरू (30) और बाजू उर्फ बहादूर (31), तीनों निवासी ग्राम चुन्पिया आम्बापुर, थाना टांडा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के 3 छत्र, एक मुकुट, एक जोड़ी कान के झुमके, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP09ZP0956) तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल पाना, पेचकस और कटर जब्त करने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार चोरी का चांदी का कंदोरा बड़कच्छ निवासी नूरसिंह को बेचने के लिए दिए जाने की जानकारी सामने आई है। संबंधित आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी की घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक धार ने मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
