—Advertisement—

जावरा रेलवे स्टेशन की 10 बड़ी समस्याओं पर फिर उठी आवाज, ADRM तक पहुंचा मामला

Author Picture
Published On: 31 August 2026
WhatsApp Image 2026 08 31 at 7.51.40 PM

—Advertisement—

जावरा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म-2, अंडरब्रिज, CCTV, कोच डिस्प्ले, टिकट खिड़की और अजमेर-बांद्रा ट्रेन के स्टॉपेज सहित कई मांगों को लेकर अनिल दसेड़ा ने रतलाम में ADRM अक्षय कुमार को मांगपत्र सौंपा।

जावरा रेलवे स्टेशन की 10 बड़ी समस्याओं पर फिर उठी आवाज, अनिल दसेड़ा ने ADRM अक्षय कुमार को सौंपा मांगपत्र

नागदा से संवाददाता जीवनलाल जैन की रिपोर्ट

जावरा रेलवे स्टेशन की समस्याएं लंबे समय से यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। इन्हीं समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने सोमवार को रतलाम पहुंचकर अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार से मुलाकात की। उन्होंने जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और अधूरे विकास कार्यों से जुड़ी मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए मांगपत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व नगर पालिका जलकल समिति चेयरमैन मोड़ी राम भी मौजूद रहे।

दसेड़ा ने रेलवे अधिकारियों के सामने प्लेटफॉर्म नंबर-2 और अंडरब्रिज को शीघ्र शुरू करने, प्लेटफॉर्म विस्तार के दौरान क्षतिग्रस्त हुए प्राचीन शिव मंदिर का पुनर्निर्माण कराने, अंडरब्रिज पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, कोच डिस्प्ले बोर्ड एवं सीसीटीवी कैमरे चालू करने तथा प्लेटफॉर्म-2 पर अलग टिकट खिड़की शुरू करने सहित विभिन्न मांगें रखीं।

जावरा रेलवे स्टेशन की समस्याएं: दो फीट की दीवार पर जताई सुरक्षा की चिंता

अनिल दसेड़ा ने अंडरब्रिज की दोनों ओर बनी करीब दो फीट ऊंची दीवार को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इतनी कम ऊंचाई की दीवार के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सुरक्षा की दृष्टि से दीवार के ऊपर तत्काल मजबूत लोहे की रेलिंग लगाई जाना आवश्यक है, ताकि राहगीरों और यात्रियों के नीचे गिरने जैसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।उन्होंने अंडरब्रिज का कार्य पूर्ण कर उसे जल्द से जल्द आम नागरिकों के लिए शुरू करने की मांग भी रखी।

प्लेटफॉर्म विस्तार में क्षतिग्रस्त शिव मंदिर का हो पुनर्निर्माण

दसेड़ा ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 के विस्तारीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए अति प्राचीन शिव मंदिर का उसी स्थान पर विधिवत पुनर्निर्माण अथवा जीर्णोद्धार कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और स्थानीय नागरिकों की आस्था से जुड़ा हुआ है। विकास कार्यों के साथ धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का संरक्षण भी आवश्यक है।

एक साल से लगातार उठाई जा रही हैं जावरा रेलवे स्टेशन की समस्याएं

दसेड़ा ने अपर मंडल रेल प्रबंधक को बताया कि जावरा रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर पिछले एक वर्ष में कई बार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र दिए जा चुके हैं।

मंडल रेल प्रबंधक रतलाम, चीफ कमर्शियल ऑफिसर चर्चगेट मुंबई और रेल मंत्री भारत सरकार सहित संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी मांगें रखी गई हैं। इसके बावजूद एक वर्ष में समस्याओं का अपेक्षित निराकरण नहीं होने के कारण एक बार फिर रतलाम रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर मांगपत्र सौंपा गया।उन्होंने पूर्व में दिए गए मांगपत्रों की प्रतियां तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कटिंग भी वर्तमान मांगपत्र के साथ संलग्न कीं।दसेड़ा ने कहा कि लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद कई मूलभूत सुविधाओं का यात्रियों को अभी भी इंतजार है। इसलिए अब इन समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।

यात्रियों की सुविधा के लिए कोच डिस्प्ले बोर्ड की मांग

दसेड़ा ने जावरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आधुनिक कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रेन आने के बाद यात्रियों को अपना कोच तलाशने में परेशानी होती है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को कोच डिस्प्ले बोर्ड से काफी सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि महिदपुर रोड, आलोट, चोमेला, शामगढ़, सुवासरा, रामगंज मंडी और भवानी मंडी जैसे स्टेशनों पर कोच डिस्प्ले की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में जावरा जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

प्लेटफॉर्म-2 पर अलग टिकट खिड़की की मांग

जावरा रेलवे स्टेशन शहर के मध्य स्थित होने के साथ ही धार्मिक, व्यापारिक और कृषि गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। हुसैन टेकरी, जैन दादावाड़ी, अष्टापद तीर्थ और कृषि मंडी सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों के कारण यहां बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है।दसेड़ा ने बताया कि टिकट खिड़की पर अक्सर भीड़ रहती है। रिजर्वेशन खिड़की भी पास होने तथा सीमित कर्मचारियों के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। इसलिए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अलग टिकट खिड़की स्थापित करने की मांग की गई है।

विवेकानंद कॉलोनी की अप्रोच रोड का हो सीमेंट-कांक्रीट निर्माण

अंडरब्रिज निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई रेलवे फाटक से नीम के पेड़ तक विवेकानंद कॉलोनी की अप्रोच रोड का सीमेंट-कांक्रीट निर्माण कराने की मांग भी रखी गई।

दसेड़ा ने कहा कि सड़क खराब होने से कॉलोनीवासियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क का स्थायी निर्माण होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

बंद सीसीटीवी कैमरे चालू करने की मांग

जावरा रेलवे स्टेशन परिसर में लगे बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराने की मांग भी की गई।दसेड़ा ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी घटना की स्थिति में जांच में मदद मिलेगी। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बंद कैमरों को जल्द चालू किया जाना चाहिए।

अजमेर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन का जावरा में स्टॉपेज फिर शुरू करने की मांग

अनिल दसेड़ा ने ट्रेन संख्या 12995/12996 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर का जावरा रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज पुनः बहाल करने की मांग को लेकर अलग पत्र भी सौंपा।उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले इस ट्रेन का जावरा में ठहराव था। स्टॉपेज होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलती थी, लेकिन बाद में ठहराव बंद होने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ते हैं।उन्होंने कहा कि जावरा में हुसैन टेकरी सहित अनेक प्रमुख धार्मिक स्थल हैं तथा जैन दादावाड़ी और अष्टापद तीर्थ के कारण भी देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में जनहित को देखते हुए ट्रेन का स्टॉपेज पुनः शुरू किया जाना चाहिए।

लोकमान्य नगर इंदौर में ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन की मांग

दसेड़ा ने लोकमान्य नगर इंदौर रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) लगाने की मांग भी रेल अधिकारियों के सामने रखी।उन्होंने कहा कि जावरा, मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में यात्री लोकमान्य नगर स्टेशन से यात्रा करते हैं। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगने से यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा होगी तथा टिकट खिड़की पर होने वाली भीड़ को भी कम किया जा सकेगा।

WhatsApp Image 2026 08 31 at 7.51.41 PM

‘जावरा स्टेशन को मिले उसके महत्व के अनुरूप सुविधाएं’

अनिल दसेड़ा ने कहा कि जावरा रेलवे स्टेशन शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र है। धार्मिक, व्यापारिक और कृषि गतिविधियों के कारण यहां लगातार यात्रियों का आवागमन रहता है। ऐसे में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है।उन्होंने अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।साथ ही प्लेटफॉर्म-2 एवं अंडरब्रिज को शीघ्र शुरू करने, प्राचीन शिव मंदिर का पुनर्निर्माण कराने और सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने की मांग की।दसेड़ा ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जावरा रेलवे स्टेशन की समस्याओं और यात्रियों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp