इंदौर में जैन इंटरनेशनल फोरम द्वारा 11 अक्टूबर को रवींद्र नाट्यगृह में 300 से अधिक तपस्वियों का सम्मान होगा। मुनि श्री सुधासागर जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
जैन फोरम ने मुनि श्री सुधासागर जी महाराज को श्रीफल समर्पित कर तपस्वी सम्मान समारोह के लिए किया निवेदन
11 अक्टूबर को रवींद्र नाट्यगृह में 300 से अधिक तप आराधकों का होगा सम्मान
दैनिक स्वराज वाणी
इंदौर, 8 अक्टूबर। जैन इंटरनेशनल फोरम के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आचार्य श्री 108 सुनीलसागर जी महाराज एवं तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन चरणों में श्रीफल समर्पित कर आगामी तपस्वी सम्मान समारोह में पधारने का विनम्र निवेदन किया। इस अवसर पर समस्त तपस्वियों के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
फोरम के मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि वरिष्ठ पदाधिकारी कांतिलाल बम, निर्मल कासलीवाल, अशोक मेहता, भगवतसिंह नागोरी, राजेश जैन दद्दू एवं मयंक जैन ने गुरुदेव के समक्ष फोरम की भावनाएं रखीं और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
300 से अधिक तपस्वियों का होगा सम्मान
जैन फोरम द्वारा प्रतिवर्ष चातुर्मास के दौरान कठोर तपस्या एवं तप आराधना करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया जाता है। इसी परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को इंदौर के रवींद्र नाट्यगृह में भव्य तपस्वी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें 300 से अधिक तप आराधकों का बहुमान किया जाएगा।
तपस्वियों का सम्मान करना तप धर्म की अनुमोदना है
इस अवसर पर गुरुदेव ने फोरम के कार्य की अनुमोदना करते हुए कहा कि तपस्वियों का सम्मान करना अर्थात तप धर्म की अनुमोदना करना है। जो समाज तपस्वियों का सम्मान करता है, वह समाज में त्याग और संयम की भावना को जीवित रखता है।
आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुधासागर जी महाराज ने फोरम द्वारा समर्पित श्रीफल एवं सम्मान पत्र स्वीकार कर मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। पदाधिकारियों के अनुसार, गुरुदेव ने समारोह के लिए अपने आशीर्वचन भेजने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

