प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से शुरू की गई PM हेली पर्यटन सेवा मध्य प्रदेश में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। शुक्रवार को उज्जैन से ओंकारेश्वर के लिए पहली आधिकारिक उड़ान ने सफल लैंडिंग की, जबकि गुरुवार को इंदौर से उज्जैन तक की पहली उड़ान सफल रही थी।
इस सेवा से इंदौर ,उज्जैन और ओंकारेश्वर के धार्मिक पर्यटन सर्किट का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी।
श्रद्धालुओं ने अनुभव किया अद्वितीय सुविधा :
शुक्रवार की उड़ान में उज्जैन से कुल 6 श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुँचे। हेलीकॉप्टर ने ओंकारेश्वर के कोठी क्षेत्र में बने हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग की, जहां उनका स्वागत सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। यात्रियों के लिए मंदिर तक निशुल्क वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सभी श्रद्धालुओं को ममलेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के VIP दर्शन कराए गए। यात्रियों ने कहा कि यह सेवा यात्रा को आसान बनाने के साथ धार्मिक अनुभव को और भी विशेष बना देती है। पहले जिन स्थलों तक पहुंचने में लंबा समय लगता था, अब वहां कुछ ही मिनटों में पहुँचा जा सकता है।

मालवा और निमाड़ का पहला स्पिरिचुअल एयर रुट :
दो सफल उड़ानों के साथ इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर को जो ड़ने वाला स्पिरिचुअल एयर सर्किट पूरी तरह कार्यरूप में आ गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस सेवा से स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल उद्योग और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा ‘कम समय में अधिक दर्शन’ के उद्देश्य को पूरा कर रही है।

हेली सेवा का शेड्यूल :
हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में शुक्रवार, शनिवार, रविवार, सोमवार और मंगलवार नियमित रूप से संचालित होगी। उड़ानों का समय इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर मार्ग के अनुसार सुबह और दोपहर निर्धारित किया गया है, जिससे यात्रियों को लंबी सड़क यात्रा पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

