Indore दिगंबर जैन सामाजिक संसद ने गुना पहुंचकर मुनि श्री 108 पुंगव सुधासागर जी महाराज को चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित किया। इंदौर में चातुर्मास की प्रबल संभावना।
Indore में जुलाई में मनेगी ‘दीवाली’, मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के चातुर्मास हेतु गुना में अर्पित किया श्रीफल
इंदौर | 8 जुलाई 2026
Indore दिगंबर जैन समाज के लिए वर्ष 2026 एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण वर्ष साबित हो सकता है। जैन समाज के आराध्य, परम पूज्य राष्ट्रसंत मुनि श्री 108 पुंगव सुधासागर जी महाराज के पावन वर्षायोग (चातुर्मास) को इंदौर में आयोजित कराने के प्रयास तेज हो गए हैं।
मीडिया प्रभारी प्रवीण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि Indore दिगंबर जैन सामाजिक संसद (कीर्ति स्तंभ) के नेतृत्व में समाज के एक प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल ने गुना पहुंचकर पूज्य गुरुवर के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक श्रीफल अर्पित किया तथा वर्ष 2026 का चातुर्मास इंदौर में संपन्न कराने का भावपूर्ण आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने “करो तैयारी, करो तैयारी… इस बार दीवाली जुलाई में मनानी” के गगनभेदी नारों के साथ गुरुवर का स्वागत करते हुए कहा कि यदि चातुर्मास इंदौर में होता है तो मालवा अंचल के लाखों श्रद्धालुओं को धर्म, साधना और आत्मकल्याण का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा।
बताया गया कि गुरुवर ने इंदौर समाज की श्रद्धा और समर्पण भावना को देखते हुए Indore चातुर्मास की प्रबल संभावना के सकारात्मक संकेत भी दिए हैं, जिससे पूरे मालवा क्षेत्र के जैन समाज में उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन एवं कोषाध्यक्ष विजय पटोदी सहित एम.के. जैन, नवीन गोधा, अशोक रानी दोषी, प्रीतिपाल टोंग्या, प्रिंसपाल टोंग्या, मनीष-सपना गोधा, धर्मेंद्र जैन, आकाश कोयला, गिरीश जैन तथा पवन जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से गुरु महाराज के चरणों में श्रीफल अर्पित कर इंदौर आगमन की मंगलकामना की।
सामाजिक संसद के पदाधिकारियों ने बताया कि यदि पूज्य गुरुवर की कृपा से चातुर्मास इंदौर में होता है तो यह धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से ऐतिहासिक अवसर होगा। पूरे इंदौर समाज ने इसके लिए व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
