इंदौर: मोहन भागवत ने सामाजिक सद्भाव बैठक में की शिरकत, 96 करोड़ के कैंसर केयर सेंटर के पहले चरण का किया लोकार्पण
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शनिवार शाम इंदौर पहुंचे और सुदर्शन कार्यालय में रात्रि विश्राम किया। रविवार सुबह 9 बजे वे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में इंदौर-उज्जैन संभाग के विभिन्न समाजों के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख आमंत्रित थे। यह पहली बार है जब प्रांत स्तरीय सामाजिक सद्भाव बैठक इंदौर में आयोजित हुई।
शाम 5 से 7 बजे तक डॉ. भागवत श्री गुरुजी सेवा न्यास माधव सृष्टि द्वारा आयोजित कैंसर केयर सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। 96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस हॉस्पिटल के पहले चरण का उद्घाटन उन्होंने किया। पहले चरण में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिलों का निर्माण पूरा किया गया है।
दूसरे चरण में हाईटेक मशीनरी की स्थापना और अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण किया जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट जनभागीदारी से तैयार हो रहा है, जिसमें कंपनियों ने सीएसआर (CSR) के तहत और दानदाताओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इंदौर प्रवास के दौरान एयरपोर्ट पर डॉ. भागवत ने कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत से भी संक्षिप्त भेंट की।
