क्लर्क कॉलोनी दिगंबर जैन मंदिर में मनाया क्षमावाणी महापर्व
Indore । क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगंबर जैन मंदिर में क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह भगवान जिनेंद्र देव का स्वर्ण कलशों से अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने नित्य नियम पूजन में सहभागिता की।
मीडिया प्रभारी प्रवीण जैन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 10 पांच एवं तीन उपवास करने वाले तपस्वियों का बहुमान किया गया। समाजजनों ने तपस्वियों की तप आराधना की अनुमोदना करते हुए उनका सम्मान किया।
क्षमा, मैत्री और आत्मशुद्धि का संदेश
कार्यक्रम में पंडित नवीन जैन ने अपने उद्बोधन में क्षमावाणी पर्व के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्षमावाणी पर्व दशलक्षण महापर्व के समापन के तुरंत बाद मनाया जाता है। यह पर्व आत्मशुद्धि, क्षमा, मैत्री और आपसी प्रेम का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि क्षमावाणी के अवसर पर व्यक्ति अपने मन, वचन और कर्म से हुई भूलों के लिए दूसरों से क्षमा मांगता है और दूसरों की गलतियों को भी बड़े मन से क्षमा करने का संकल्प लेता है। जैन धर्म में इसे क्षमा, मैत्री और आत्मशुद्धि का पर्व माना गया है।
उन्होंने कहा कि क्षमावाणी का संदेश व्यक्ति को अहंकार, क्रोध और द्वेष का त्याग करने तथा सभी जीवों के प्रति मैत्रीभाव रखने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर ‘मिच्छामि दुक्कडम्’ कहकर एक-दूसरे से क्षमा मांगी जाती है।

एक-दूसरे से मांगी क्षमा
उद्बोधन के बाद मंदिर परिसर में मौजूद समाजजनों ने एक-दूसरे से अपनी भूलों के लिए क्षमा मांगी। सभी ने उत्तम क्षमा के भाव के साथ मन, वचन और कर्म से किसी भी जीव को जाने-अनजाने पहुंची पीड़ा के लिए क्षमा प्रार्थना की।
कार्यक्रम में समाजजनों ने क्षमा संदेश के माध्यम से कहा कि यदि उनके मन, वचन या कर्म से किसी भी जीव को किसी भी प्रकार का कष्ट पहुंचा हो तो वे हृदय से क्षमा प्रार्थी हैं। इस दौरान ‘मिच्छामि दुक्कडम्’ के भाव के साथ आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया गया।
समाजजनों ने लिया सहभागिता
कार्यक्रम में एमके जैन, आनंद गोधा, नवीन गोधा, संजय जैन, दिलीप बज, रमेश जैन, एसके सोगानी, मनीष जैन, सिद्धार्थ गंगवाल, गोलू जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता करते हुए क्षमावाणी पर्व के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
