देश में इंडिगो एयरलाइंस की लगातार उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। इस स्थिति को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए कई रूट्स पर अतिरिक्त कोच जोड़े हैं और चार स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, ताकि लोग अपने गंतव्य तक सुरक्षित और सुगम तरीके से पहुंच सकें।
उड़ानों के रद्द होने से रेलवे पर बढ़ा दबाव
IndiGo में बीते कुछ दिनों से ऑपरेशनल समस्याओं के कारण बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द हो रही हैं और कई उड़ानें घंटों देरी से चल रही हैं। केवल 5 दिसंबर को ही देशभर में 1000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। इस वजह से यात्रियों का भारी दबाव अब रेलवे पर आ गया है।

37 ट्रेनों में जोड़े गए अतिरिक्त कोच
रेलवे ने आधिकारिक बयान में बताया कि देशभर की 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। इससे कुल 114 अतिरिक्त ट्रिप्स चलेंगी, ताकि सीटों की उपलब्धता बढ़ सके।
- दक्षिणी रेलवे: 18 ट्रेनों में क्षमता बढ़ाई गई
- उत्तरी रेलवे: 8 ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
- वेस्टर्न रेलवे: 4 ट्रेनों में कोच बढ़ाए
- ईस्ट सेंट्रल रेलवे: राजेंद्रनगर-नई दिल्ली रूट पर 2AC कोच
- ईस्ट कोस्ट, ईस्टर्न और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे: कई ट्रिप्स में स्लीपर और AC कोच जोड़े
चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन
रेलवे ने चार स्पेशल ट्रेनों की जानकारी दी है, जो 6 दिसंबर से विभिन्न तारीखों में चलेंगी:
- गोरखपुर-आनंद विहार स्पेशल
- नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल स्पेशल
- जम्मू क्षेत्र के लिए वंदे भारत स्पेशल
- निजामुद्दीन-तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट स्पेशल
साबरमती-दिल्ली जंक्शन सुपरफास्ट स्पेशल
पश्चिम रेलवे ने भी अहमदाबाद और दिल्ली के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए साबरमती-दिल्ली जंक्शन सुपरफास्ट ट्रेन (09497/09498) चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन कुल चार फेरे लगाएगी और रास्ते में जयपुर, अजमेर, अलवर, गुड़गांव सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसकी बुकिंग 6 दिसंबर से शुरू हो चुकी है।
रेल मंत्रालय का कहना है कि यह व्यवस्था अचानक पैदा हुए यात्रा संकट में यात्रियों को भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध कराने के लिए की गई है। रेलवे ने वेबसाइट पर यात्रा और कोच संबंधित सभी जानकारी भी उपलब्ध कराई है, ताकि यात्रियों को समय पर सही सूचना मिल सके।
