एमपी के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया चेतावनी
भोपाल। मध्यप्रदेश में 1 अक्टूबर से एक नया मौसम प्रणाली सक्रिय होने जा रही है। इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में मानसून की वापसी एक सप्ताह के लिए स्थगित हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का वातावरण बना रहेगा।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वर्षा का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में मुख्यतः पूर्वी संभागों में बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य संभागों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा।
दशहरे पर भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दशहरे के दिन नए सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश हो सकती है, जिससे रावण दहन जैसे कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। यह मौसम 3 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है।
30 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, झाबुआ और इंदौर सहित 30 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हल्की बारिश की संभावना वाले जिले
इसके अलावा देवास, मंडला, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश का आंकड़ा
इस मौसम में अब तक राज्य में 45.1 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत से काफी अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्यप्रदेश में औसत से 17% अधिक और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 25% अधिक वर्षा हुई है।

