आईजी ग्रामीण जोन इंदौर ने किया थाना आंबुआ और जोबट का वार्षिक निरीक्षण, जन विश्वास अभियान में सुनीं पुलिस संबंधी शिकायतें
रजिस्टर, मालखाना और बंदीगृह की व्यवस्थाओं का परीक्षण, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
अलीराजपुर, 9 अक्टूबर। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग ने वार्षिक निरीक्षण के तहत जोबट अनुभाग के थाना आंबुआ और थाना जोबट का निरीक्षण किया। साथ ही जोबट में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पुलिस संबंधी शिकायतों को सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह ने दी।
7 अक्टूबर से दो दिवसीय भ्रमण पर थे आईजी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार आईजी ने 7 अक्टूबर से आलीराजपुर जिले का भ्रमण किया। 8 अक्टूबर को उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके बाद 9 अक्टूबर को थाना आंबुआ और थाना जोबट का निरीक्षण किया गया।
थानों के भवन और सभी कक्षों का बारीकी से अवलोकन
निरीक्षण के दौरान आईजी ने भवनों और परिसर का भ्रमण कर हर कक्ष को बारीकी से देखा। इनमें थाना कार्यालय, थाना प्रभारी कक्ष, हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार, बंदीगृह, हवालात, रिकॉर्ड रूम, महिला हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष और सीसीटीएनएस कक्ष शामिल रहे। अभिलेखों, मालखाने की संपत्ति, शस्त्रों और अन्य सामग्री के रखरखाव, बंदीगृह की व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रजिस्टरों और अभिलेखों का परीक्षण
थानों में संधारित विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की गई। इनमें एफआईआर रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, गिरफ्तारी रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, गुम इंसान रजिस्टर, गुमशुदा एवं बरामदगी रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, जब्ती रजिस्टर, समंस/वारंट रजिस्टर, निगरानी बदमाश एवं गुंडा रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, बीट रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, जनरल डायरी और ड्यूटी रजिस्टर शामिल रहे। अभिलेखों के नियमित संधारण, अद्यतन प्रविष्टियां और लंबित मामलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध और तकनीक पर जानकारी, स्टाफ की समस्याएं सुनीं
अपराधों में तकनीक के बढ़ते उपयोग को देखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को सीसीटीएनएस, साइबर अपराध से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं और डिजिटल अभिलेखों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। आईजी ने थाना स्टाफ से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना आंबुआ परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
जन विश्वास अभियान में सुनी गईं शिकायतें
निरीक्षण के दौरान थाना जोबट परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें आईजी ने पुलिस संबंधी शिकायतों के आवेदकों को सामने बैठकर सुना और शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
वार्षिक निरीक्षण और जन विश्वास अभियान कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (जोबट) आशुतोष पटेल, थाना जोबट और थाना आंबुआ के थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
(दैनिक स्वराज वाणी ब्यूरो रिपोर्ट, खलील मंसूरी, अलीराजपुर)
