हिमाचल प्रदेश 8 सितंबर को बनेगा संपूर्ण साक्षर राज्य, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दी जानकारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश 8 सितंबर को पूरे देश में संपूर्ण साक्षर राज्य घोषित होने जा रहा है। यह ऐतिहासिक घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, शिक्षकों की मेहनत और समाज की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
बारिश से प्रभावित हुए 743 शैक्षणिक भवन
शिक्षा मंत्री ने बुधवार को राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक में बताया कि हाल ही में हुई भारी बारिश और भूस्खलन से 743 स्कूल और कॉलेज भवन प्रभावित हुए हैं। इस आपदा से करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के तबादले और प्रतिनियुक्तियां केवल जरूरत के आधार पर ही हों, ताकि शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए शिक्षकों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
आपदा प्रबंधन और मरम्मत कार्य पर जोर
बैठक में मंत्री ने कहा कि 75% से अधिक क्षति वाले संस्थानों को प्राथमिकता देते हुए मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य किए जाएं। उन्होंने आपदा पश्चात आवश्यकता मूल्यांकन (PDNA) से मिलने वाली धनराशि का पारदर्शी और विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही नियमित भौतिक निगरानी के महत्व को रेखांकित किया।
शिक्षक दिवस और अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस की तैयारियां
रोहित ठाकुर ने बताया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर हिमाचल को संपूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाएगा। यदि मौसम प्रतिकूल रहा तो यह आयोजन प्रतीकात्मक रूप से किया जाएगा।
शिक्षा और खेल को लेकर बड़े फैसले
बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें शामिल हैं:
-
राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल और अटल आदर्श विद्यालयों का क्रियान्वयन
-
नए विषयों जैसे ललित कला, मनोविज्ञान और लोक प्रशासन की शुरुआत
-
बागवानी को व्यावसायिक विषय के रूप में शामिल करना
-
खेल छात्रावासों में अधिक प्रशिक्षकों की भर्ती की संभावना तलाशना
मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, इन्हें निखारने की आवश्यकता है।
कॉलेज प्रिंसिपलों की पदोन्नति बैठक आज
बैठक के दौरान बताया गया कि महाविद्यालय प्रिंसिपलों की डीपीसी (Departmental Promotion Committee) की बैठक वीरवार को आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। साथ ही अन्य पदोन्नति प्रक्रियाओं को भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा राजेश शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
