Hanuman Chalisa: भारत के संगीत और डिजिटल कंटेंट जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। टी-सीरीज के भक्ति चैनल पर अपलोड किया गया ‘श्री हनुमान चालीसा’ का वीडियो यूट्यूब पर 5 अरब (500 करोड़) से अधिक व्यूज पार कर चुका है। यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत का पहला और अब तक का एकमात्र वीडियो बन गया है।
करीब 14 साल पहले यूट्यूब पर अपलोड किए गए इस वीडियो की लोकप्रियता समय के साथ लगातार बढ़ती गई है। यह केवल एक भक्ति गीत नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की दैनिक आध्यात्मिक साधना का हिस्सा बना हुआ है, जो इसकी निरंतर बढ़ती लोकप्रियता का मुख्य कारण है।
अभूतपूर्व उपलब्धि :

5 अरब से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा भारतीय डिजिटल कंटेंट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 5,006,713,956 बार देखा जा चुका था। दुनिया में बहुत कम वीडियो इस मुकाम तक पहुंचे हैं, जो दर्शाता है कि डिजिटल युग में भी भक्ति संगीत की अपार लोकप्रियता बरकरार है।
गुलशन कुमार और हरिहरन की अमर प्रस्तुति :
इस हनुमान चालीसा वीडियो की सफलता का श्रेय टी-सीरीज के संस्थापक दिवंगत गुलशन कुमार को जाता है, जो इसमें भावपूर्ण भक्ति मुद्रा में नजर आते हैं। भक्ति संगीत को कैसेट से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक घर-घर पहुंचाने में उनका योगदान अतुलनीय है।

इस चालीसा को अपनी दिव्य और सुरीली आवाज देने वाले गायक हरिहरन ने इसे अमर बना दिया। उनकी गायकी आज भी हर उम्र के श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती है। यह वीडियो न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के बीच अत्यंत लोकप्रिय बना हुआ है।
