स्वराज वाणी संवाददाता — सौरभ विरथरे (कुमरयाई)
Guna: एसडीएम आरोन ने निजी अस्पताल एवं पैथोलॉजी लैब का किया औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश
आरोन (Guna)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम आरोन सुश्री मंजूषा खत्री ने आरोन स्थित भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल प्राइवेट एवं पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल एवं पैथोलॉजी लैब के दस्तावेजों की जांच की गई। एसडीएम ने बीएमओ आरोन श्री अविनाश रघुवंशी को सभी दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस समाप्त पाया गया। इस पर एसडीएम ने तत्काल मेडिकल स्टोर बंद कराते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीएमओ श्री अविनाश रघुवंशी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री अमित जैन तथा राजस्व निरीक्षक श्री ब्रजेन्द्र सिंह बरैया उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बिना वैध अनुमति संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध सख्ती का संदेश गया है।
