आचार्य सुनील सागर महाराज के सानिध्य में 5 सितंबर को होगा वृहद महिला सम्मेलन
मिसेज शेफ प्रतियोगिता, प्रतिभा सम्मान, संयुक्त परिवार अभिनंदन और माता-पिता सम्मान सहित होंगे विभिन्न आयोजन
इंदौर। परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर एवं महिला प्रकोष्ठ द्वारा शनिवार, 5 सितंबर 2026 को इंदौर स्तरीय वृहद महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महिलाओं के सम्मान में आयोजित यह सम्मेलन दोपहर 1:30 बजे से घूंघट गार्डन में प्रारंभ होगा।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल एवं प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि सम्मेलन में महिलाओं की प्रतिभा, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मिसेज शेफ प्रतियोगिता और प्रतिभा सम्मान
सम्मेलन में मिसेज शेफ प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाली महिलाओं और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में संयुक्त परिवारों का अभिनंदन और माता-पिता सम्मान समारोह भी आयोजित होगा।
आयोजन के अंतर्गत ‘आर्या परिवेशन’ कार्यक्रम भी रखा गया है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करने के साथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक मूल्यों का संदेश देना है।
धीरेंद्र कासलीवाल होंगे मुख्य अतिथि
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष अनामिका बाकलीवाल एवं रुचि चौबीसिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धीरेंद्र कासलीवाल होंगे। सम्मेलन में जैन समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, समाजसेवी, महिला प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विनय बाकलीवाल, देवेंद्र सोगानी, राजकुमार पाटोदी, पिंकेश टोंग्या, जैनेश झांझरी, नरेंद्र वेद, कैलाश वेद, सुरेंद्र बाकलीवाल, डीके जैन, ऋषभ पाटनी, कमलेश कासलीवाल, अनिल जैन ‘जैनको’, सुदीप जैन और वीरेंद्र बड़जात्या विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके साथ ही युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महावीर जैन और महिला प्रकोष्ठ की सभी पदाधिकारी भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी।
समाजजनों से शामिल होने की अपील
चातुर्मास आयोजन समिति के प्रमुख इंटर सेठी, कैलाश लुहाड़िया, गिरीश पाटोदी और संदीप गंगवाल ने जैन समाज के सभी लोगों से सम्मेलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों ने बताया कि आचार्य सुनील सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन महिला सम्मान, प्रतिभा प्रोत्साहन, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक एकता को समर्पित रहेगा।
