बरूखेड़ी में बाबा रामदेव जी महाराज की भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा निकली, जगह-जगह हुआ स्वागत
2 से 8 सितंबर तक होगा बाबा रामदेव जी महाराज की कथा का आयोजन, पांच घोड़ियों पर सवार धर्मगुरु रहे आकर्षण का केंद्र; महिलाओं ने कलश यात्रा में की बड़ी भागीदारी
संवाददाता: मनोज कुमार पुष्पद
पड़ाना। समीपस्थ ग्राम बरूखेड़ी में बाबा रामदेव जी महाराज की कथा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर विशेष रूप से सहभागिता की, जबकि डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया।
ग्राम बरूखेड़ी में 2 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक बाबा रामदेव जी महाराज की कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में बरूखेड़ी से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो मऊ पहुंची और वहां से वापस कथा स्थल बरूखेड़ी पहुंचकर संपन्न हुई।
पांच घोड़ियों पर सवार धर्मगुरु रहे आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में पांच घोड़ियों पर सवार धर्मगुरु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बाबा रामदेव जी महाराज के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु यात्रा में आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।
यात्रा का विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। मऊ में संत रविदास सेवा समिति ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
बरूखेड़ी में हुआ भव्य स्वागत
बरूखेड़ी पहुंचने पर भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष शरीफ मंसूरी, सरपंच रईस मंसूरी, ओम भिलाला, जगदीश सूर्यवंशी, ओम राजपूत, विशाल मालवीय और गोविंद राजपूत सहित अन्य लोगों ने अपने साथियों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन में विभिन्न समाजों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया।
महिलाओं ने निकाली विशाल कलश यात्रा
शोभायात्रा के साथ निकाली गई विशाल कलश यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं।
बाबा रामदेव जी महाराज के जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा से गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
पंडित रामचरण गुर्जर सुनाएंगे कथा
आयोजन समिति के अनुसार बाबा रामदेव जी महाराज की कथा राजस्थान के कथा वाचक पंडित रामचरण जी गुर्जर द्वारा सुनाई जाएगी। कथा का आयोजन 8 सितंबर तक चलेगा।
आयोजन को सफल बनाने में रामबाबू मालवीय, हरिनारायण, धनसिंह मालवीय, नारायण मालवीय, सजन मालवीय, कमल मालवीय और देवकरण मालवीय सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहा। आयोजन समिति और ग्राम बरूखेड़ी के ग्रामीणों ने शोभायात्रा एवं कलश यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
