—Advertisement—

महू-नीमच हाईवे पर ट्रकों से चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

Author Picture
Published On: 17 September 2026

—Advertisement—

महू-नीमच हाईवे पर ट्रकों से चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

तिरपाल काटकर लहसुन और सरसों चुराते थे आरोपी, हथियार व चार मोटरसाइकिल सहित ₹8.59 लाख का सामान जब्त

संवाददाता:  प्रियंका गुजराती

रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर तिरपाल से ढके ट्रकों को निशाना बनाकर लहसुन और सरसों चोरी करने वाले गिरोह का नामली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सात अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 14 कट्टे लहसुन, 13 कट्टे सरसों, चार बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब, एक देशी पिस्टलनुमा कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख 59 हजार रुपये बताई गई है।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से जांच

पुलिस के अनुसार रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने हाईवे पर ट्रकों से होने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और वारदातों में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पान्द्रो और प्रभारी एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में नामली थाना प्रभारी अमित कोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही तकनीकी सहायता, संदिग्धों की गतिविधियों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

खेत में बने मकान के पीछे की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध धर्मेंद्र बापू के खेत में बने मकान के पीछे मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान अमन, राहुल और निखिल को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से चार बिना नंबर की मोटरसाइकिल और करीब 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन के कब्जे से 32 बोर का पिस्टलनुमा देशी कट्टा, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी मिले।

इस मामले में नामली थाने में अपराध क्रमांक 406/2026 के अंतर्गत आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पूछताछ में दो चोरियों का खुलासा

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से अन्य अपराधों के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब 20 से 25 दिन पहले हाईवे पर जा रहे एक ट्रक का तिरपाल काटकर 14 कट्टे लहसुन चोरी करने की वारदात स्वीकार की।

इसके अतिरिक्त करीब चार दिन पहले एक अन्य ट्रक से उसी तरीके से 13 कट्टे सरसों चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता बताई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई कृषि उपज बरामद कर जब्त कर ली है। जांच के दौरान सोनू सिसोदिया को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया।

घाटी और स्पीड ब्रेकर पर करते थे वारदात

पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा वारदात करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य कथित रूप से चोरी की मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन लोगों के समूह में महू-नीमच हाईवे की रेकी करते थे। वे तिरपाल से ढके उन ट्रकों को चिह्नित करते थे, जिनमें कृषि उपज अथवा अन्य सामान भरा होता था।

आरोपी विशेष रूप से घाटी और स्पीड ब्रेकर वाले स्थानों पर ट्रकों को निशाना बनाते थे। इन स्थानों पर ट्रक की गति कम होते ही मोटरसाइकिल के बीच में बैठा आरोपी रस्सी के सहारे चलते ट्रक पर चढ़ जाता था। इसके बाद वह तिरपाल काटकर ट्रक में रखे कट्टों को सड़क किनारे गिराता था।

पीछे चल रहे गिरोह के अन्य सदस्य सड़क पर गिराए गए कट्टों को एकत्रित कर ले जाते थे। पुलिस के अनुसार चोरी की कृषि उपज को हाईवे से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने एक मकान में छिपाकर रखा जाता था।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अमन पिता दीपू सिसोदिया (22), राहुल पिता गोरिया हाड़ा (30) और निखिल पिता बबलू हाड़ा (23), तीनों निवासी उखेड़िया जिला रतलाम तथा सोनू पिता राजेंद्र सिसोदिया (22), निवासी मेवासा जिला रतलाम को गिरफ्तार किया है।

सात फरार आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार अनीश पिता बबलू हाड़ा, चिंटू पिता राजू हाड़ा, अमित पिता मुकेश हाड़ा, अभिषेक पिता संजय सिसोदिया, आशीष पिता गोपाल चौहान, राजकुमार पिता जगदीश राणावत और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया निवासी मेवासा फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस फरार सदस्यों की तलाश के साथ गिरफ्तार आरोपियों से हाईवे पर हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp