गांधी जयंती 2025: पीएम, राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने राजघाट पर बापू को दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती पर गुरुवार को पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। राजधानी दिल्ली स्थित राजघाट पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित तमाम राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा—
“गांधी जयंती, प्यारे बापू के असाधारण जीवन को स्मरण करने का अवसर है। गांधीजी ने दिखाया कि साहस और सादगी बड़े बदलाव के उपकरण बन सकते हैं। सेवा और करुणा में उनका विश्वास था, जो आज भी लोगों को सशक्त बनाने का आधार है। हम उनके दिखाए रास्ते पर चलकर विकसित भारत का निर्माण करेंगे।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा को बदल दिया और आज भी वे भारत के विकास पथ को प्रेरित कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संकल्प
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा—
“गांधी जयंती हम सभी के लिए उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों के प्रति स्वयं को पुनः समर्पित करने का अवसर है। गांधीजी ने आजीवन अस्पृश्यता, निरक्षरता, नशाखोरी और सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए संघर्ष किया और कमजोर से कमजोर व्यक्ति को संबल प्रदान किया। उन्होंने चरखे के माध्यम से आत्मनिर्भरता का संदेश दिया और श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठा दी।”
राष्ट्रपति ने आह्वान किया कि इस अवसर पर हम सब यह संकल्प लें कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए स्वच्छ, आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण करेंगे और गांधीजी के सपनों को साकार करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा—
“महात्मा गांधी की जयंती पूरी दुनिया के लिए शोध का विषय है। भारत ने यह सिद्ध कर दिखाया कि केवल सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भी स्वतंत्रता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही स्वदेशी का योगदान भी आजादी की लड़ाई में बेहद महत्वपूर्ण रहा। यही मार्ग हमें आज भी प्रेरणा देता है।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सचिवालय परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। देशभर में राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों ने गांधी जी को नमन किया।
राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर बापू को पुष्प अर्पित किए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
“सत्य, अहिंसा और सौहार्द के सिद्धांतों से भारत को एकजुट करने वाले बापू के आदर्श हमें नफरत के सामने शांति, भाईचारे, सच्चाई और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे। गांधी जयंती पर उन्हें सादर नमन।”
बापू का जीवन और योगदान
महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्तूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया और इन्हीं सिद्धांतों के बल पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया। उनका सत्याग्रह आंदोलन न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बना।
30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या कर दी, लेकिन उनका जीवन, उनके विचार और उनका बलिदान आज भी पूरी दुनिया में शांति, भाईचारे और मानव गरिमा का प्रतीक बने हुए हैं।




