जोबट में किसानों की समस्याओं पर धरना-प्रदर्शन, विधायक सेना महेश पटेल ने सौंपा ज्ञापन
24 घंटे बिजली, पर्याप्त वोल्टेज, खाद-बीज, सिंचाई और फसल का उचित मूल्य देने की मांग
जोबट। किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोबट में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जोबट विधायक सेना महेश पटेल सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार मंडलोई को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, सरपंच, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
“वादों और धरातल की स्थिति में अंतर”
मीडिया से चर्चा में विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों से 24 घंटे बिजली देने, आय दोगुनी करने और समय पर खाद उपलब्ध कराने सहित कई वादे किए थे, लेकिन आज वादों और जमीनी स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है।
बिजली संकट से सिंचाई प्रभावित
विधायक के अनुसार अलीराजपुर जिले के किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। कई क्षेत्रों में केवल 3 से 5 घंटे बिजली दी जा रही है, और उसमें भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि मोटर पंप पर्याप्त लोड नहीं ले पाते। इससे खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रही और फसलें सूखने की स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को रात में 3-4 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे उन्हें रात में खेतों पर जाकर सिंचाई करनी पड़ती है। अंधेरे में जंगली जानवरों और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विधायक ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से अलीराजपुर जिले को सूखा प्रभावित घोषित करने और किसानों को कम से कम 12 घंटे नियमित बिजली पर्याप्त वोल्टेज के साथ देने की मांग की।
ज्ञापन में रखी गईं ये मांगें
- समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएं
- खराब फसलों का उचित मुआवजा दिया जाए
- फसल का उचित मूल्य और समर्थन मूल्य दिलाया जाए
- सिंचाई व्यवस्था मजबूत की जाए
- जोबट के छोटे दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान मिले और उन्हें अनावश्यक परेशान न किया जाए
- निर्माण कार्यों को गति देकर स्थानीय किसानों और मजदूरों को रोजगार मिले, ताकि पलायन न करना पड़े
ग्रामीणों ने कहा कि खेतों में पानी नहीं पहुंचने से फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
आंदोलन आगे बढ़ाने की चेतावनी
विधायक ने बताया कि जोबट के बाद चंद्रशेखर आजाद नगर में भी धरना-प्रदर्शन होगा और फिर पूरे जिले में आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग बिजली, पानी, खाद-बीज और फसल का उचित मूल्य है और सरकार के वादे जमीन पर लागू होने चाहिए।
ये रहे उपस्थित
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद डावर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कालू मेहडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार अजनार, चैन सिंह डावर, आराम पटेल, फते सिंह काछवाह, जीतू अजनार, लक्की राठौर, प्रताप भाई, सोमला रावत, महेंद्र गडरिया, लखन रावत, सोयब खान, भूरू भाई सहित कांग्रेस पदाधिकारी, सरपंच, कार्यकर्ता, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
दैनिक स्वराज वाणी, ब्यूरो रिपोर्ट: खलील मंसूरी
