बैल के जानलेवा हमले से बाहर आईं किसान की आंतें, अनूपपुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने दो जटिल ऑपरेशन कर बचाई जान
रिपोर्ट : संभागीय ब्यूरो प्रमुख सुनील रैदास दैनिक स्वराज वाणी
अनूपपुर। जिले के जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने अपनी तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए एक किसान की जान बचा ली, जिस पर एक बैल ने जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में बैल का सींग किसान के पेट में घुस गया, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। गंभीर हालत में अस्पताल लाए गए किसान का डॉक्टरों की टीम ने दो जटिल ऑपरेशन कर सफल उपचार किया। वर्तमान में मरीज आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत पहले से स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे गौरेला-जैतहरी क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय बहादुर सिंह अपने घर के पास बनी गौशाला में मवेशियों को बांध रहे थे। इसी दौरान एक बैल ने अचानक उन पर हमला कर दिया और सींग उनके पेट में घुस गया। सींग निकलते ही उनकी आंतें बाहर आ गईं। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सर्जन डॉ. साकेत कौशिक को तत्काल बुलाया गया।
बताया गया कि अवकाश पर होने के बावजूद डॉ. कौशिक तुरंत अस्पताल पहुंचे और बिना समय गंवाए आपातकालीन ऑपरेशन शुरू किया। पहले ऑपरेशन में बाहर निकली आंतों को सुरक्षित तरीके से पेट के अंदर स्थापित किया गया। जांच में पता चला कि सींग से आंतों को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा था, लेकिन दिल के पास अंदरूनी चोट लगने से रक्तस्राव हो रहा था।
इसके बाद सोमवार को मरीज का दूसरा ऑपरेशन किया गया, जो करीब दो घंटे तक चला। डॉक्टरों ने पेट के अंदर जमा खून को साफ किया और दिल के पास लगी चोट का सफल उपचार किया। समय पर इलाज मिलने से संभावित संक्रमण का खतरा भी टल गया। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की स्थिति अब स्थिर है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।
