शिक्षा, संस्कार और सेवा से बनेगा सपनों का भारत : प्रफुल्ल जैन
विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विकसित भारत के सपने
पिपलौदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय में विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के 9 संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने विकसित भारत की कल्पना को विभिन्न पहलुओं के माध्यम से सामने रखा और वर्ष 2047 तक देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अपने विचार साझा किए।
प्रतियोगिता में हाईस्कूल रणायरा की छात्रा कुसुम कुमावत ने प्रथम तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शेरपुर की छात्रा कृष्णा चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषणों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, समृद्ध एवं शिक्षित युवा, उन्नत कृषि, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विचार रखे।
शिक्षा और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन ने विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में अच्छे संस्कार और समाज के प्रति सेवा का भाव विकसित होने से देश को नई दिशा मिल सकती है।
विशेष अतिथि देवेंद्र भारद्वाज ने युवाओं से नई सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ देश को आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के विचारों को गति देने और उनकी सोच को विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और प्रयासों से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
26 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता
कार्यक्रम प्रभारी सोनाली जैन एवं अक्षिता वैराडिया ने बताया कि संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर मिला था। अब विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थी 26 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन संजय भट्ट ने किया।
विकासखंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता भी आयोजित
सांदीपनि विद्यालय में विकासखंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें सीनियर वर्ग में 12 तथा जूनियर वर्ग में 9 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
सीनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिवम धाकड़ और हाईस्कूल मामटखेड़ा की अंशिका कारपेंटर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में सांदीपनि विद्यालय के द्विज राठौर तथा वंशिका नागर प्रथम रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी 29 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला।
