DSP कल्पना वर्मा केस में नया मोड़: दीपक टंडन पर कोरबा कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
छत्तीसगढ़ में DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। कोरबा कोर्ट ने कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ 28 लाख रुपये के कथित फ्रॉड मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा (JMFC Katghora) की कु. रंजू वैष्णव ने वारंट जारी करते हुए आरोपी को 12 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया है।
28 लाख की आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपक टंडन पर 28 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप है। यही वही कारोबारी हैं जिन्होंने हाल ही में DSP कल्पना वर्मा पर 2 करोड़ रुपये, महंगे हीरे-सोने के गिफ्ट और प्यार में विश्वास जताकर ठगी करने जैसे आरोप लगाए थे। इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तहलका मचा दिया है। वायरल हुई WhatsApp चैट्स और कथित वीडियो ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

कथित चैट और वीडियो वायरल
दीपक टंडन ने कई मीडिया संस्थानों को WhatsApp चैट्स, फोटो और वीडियो भेजे हैं, जिनमें कथित रूप से DSP कल्पना वर्मा शामिल हैं। वायरल वीडियो में दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर बहस दिखाई गई है, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
DSP कल्पना वर्मा का बयान
DSP कल्पना वर्मा ने इस पूरे मामले पर स्पष्ट किया कि विवाद उनके पिता हेमंत वर्मा और दीपक टंडन के बीच चल रहे व्यावसायिक लेन-देन से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि दीपक टंडन ने अपनी पत्नी बरखा टंडन का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया और मामला कोर्ट तक पहुंचा। DSP ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया से बचने के लिए जानबूझकर उनका नाम विवाद में जोड़ा जा रहा है और उनकी छवि को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मीडिया में वायरल हो रही चैट्स और फोटो को भ्रामक बताया।
