पाँच वर्ष तीन माह का कार्यकाल पूरा कर गृह नगर लौटे डॉ. थावरचंद गेहलोत, नागदा में उमड़ा जनसैलाब
पुराने बस स्टैंड से मनोहर वाटिका तक निकला स्वागत जुलूस; परिवार ने चांदी का मुकुट पहनाकर और आरती उतारकर किया अभिनंदन
संवाददाता : निलेश मेहता
Nagda । कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में पाँच वर्ष तीन माह का कार्यकाल पूरा करने के बाद डॉ. थावरचंद गेहलोत शुक्रवार को अपने गृह नगर नागदा पहुँचे। उनके आगमन पर नागदा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा। उज्जैन से नागदा तक कई स्थानों पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पुराने बस स्टैंड पर पुष्पवर्षा और आतिशबाजी
पुराने बस स्टैंड पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ अभिनंदन हुआ। नगर पालिका परिषद नागदा, बड़ावदा नगर परिषद, विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, भाजपा पदाधिकारियों, व्यापारी संघ और सामाजिक संगठनों ने भी स्वागत किया।
स्वागत के बाद डॉ. गेहलोत ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत जुलूस मनोहर वाटिका स्थित उनके निवास के लिए रवाना हुआ। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई। निवास पर परिवारजनों ने चांदी का मुकुट पहनाकर, आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

ग्राम रुपेटा से राजभवन तक की यात्रा
स्वागत मंच से नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम रुपेटा से कर्नाटक के राजभवन तक का सफर संघर्ष, सेवा और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि डॉ. गेहलोत ने श्रमिकों, वंचितों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लंबे समय तक कार्य कर सार्वजनिक जीवन में विशिष्ट पहचान बनाई। विधायक ने उन्हें शुभकामनाएँ भी दीं।
श्रमिकों के बीच से शुरू हुआ सार्वजनिक जीवन
डॉ. गेहलोत ने नागदा में भारतीय मजदूर संघ के श्रम सेवक के रूप में श्रमिकों के बीच काम करते हुए जनसेवा की शुरुआत की। लगभग पाँच दशकों से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने कई अहम दायित्व निभाए। 11 जुलाई 2021 को कर्नाटक के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद उन्होंने संवैधानिक दायित्व निभाए।
स्वागत समारोह में ये रहे उपस्थित
समारोह में विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोष गेहलोत, राकेश यादव, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गेहलोत, नागदा नगर मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, बिड़ला मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गोपाल यादव, जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत, पत्रकार शिरीष चकलेचा, सीएमओ अनिल कुमार सक्सेना, रामसिंह शेखावत, नरेंद्र कैथवास, अनिल जोशी, दौलतराम प्रजापत, बबलू शर्मा, दिलीप कठेड़, पंकज नामदेव, रवि कांठेड़, पंकज मारू, निलेश मेहता और सतीश जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। डॉ. गेहलोत के सुपुत्र जितेंद्र गेहलोत और परिवारजन भी साथ थे। नागदा और बड़ावदा क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
