डॉ. भरत शर्मा को कला और संस्कृति के संरक्षण में योगदान के लिए सम्मान
गौतमबुद्ध नगर। अंतरराष्ट्रीय फिल्म एवं टेलीविजन शोध संस्थान से संबंधित अंतरराष्ट्रीय फिल्म एवं टेलीविजन क्लब तथा एएएफटी की ओर से आयोजित समारोह में डॉ. भरत शर्मा को भारतीय कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान के लिए मानद सदस्यता प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मारवाह स्टूडियो के सभागार में किया गया।
समारोह में फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, फिल्मसिटी के जनक, शिक्षाविद एवं रंगकर्मी तथा संस्था के अध्यक्ष संदीप मारवाह ने डॉ. भरत शर्मा को सदस्यता पत्र और प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. भरत शर्मा ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिनेमा और टेलीविजन ने भारतीय समाज और संस्कृति को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि चित्रपट ने भारत को कहानी दी, दूरदर्शन ने उस कहानी को घर-घर पहुंचाया और डिजिटल युग ने उसे विश्व स्तर तक पहुंचाने का माध्यम उपलब्ध कराया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि आज ऐसी ऑडियो-विजुअल संस्कृति की आवश्यकता है, जो आधुनिकता को स्वीकार करने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, लोककला, शास्त्रीय कला, भाषाई विविधता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करे। उनके अनुसार सिनेमा केवल समाज का प्रतिबिंब नहीं है, बल्कि वह सामाजिक कल्पना और संस्कृति को आकार देने में भी भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में एशियन एसोसिएशन ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन की डायरेक्टर डॉ. हिमानी चौधरी, डॉ. मनोज अग्रवाल, उद्योगपति राकेश खंडेलवाल, दीपक गोले और अजय शर्मा सहित संस्थान के सदस्य एवं कला क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
संस्था की ओर से बताया गया कि एएएफटी पिछले 33 वर्षों से मीडिया और कला के क्षेत्र में शिक्षा एवं प्रशिक्षण से जुड़ा हुआ है। संस्थान द्वारा सिनेमा, फैशन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, एनिमेशन, संगीत, आतिथ्य एवं पर्यटन, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, विज्ञापन, जनसंपर्क, इवेंट मैनेजमेंट, ललित कला तथा अन्य क्षेत्रों में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
संस्था से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों में पद्मश्री सुनीता कोहली, निर्देशक एवं कलाकार प्रहलाद कक्कड़, फैशन डिजाइनर रीना ढाका, पत्रकार रेय डिसूजा, चारुशी अग्रवाल, वरुण ईमानदार, निखिल बेरी, डॉ. लतिका नाथ, दीपांकन सरकार और जॉर्ज मार्टिन सहित अन्य नाम शामिल हैं।
