दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के तत्वावधान में त्रिदिवसीय तीर्थ यात्रा का शुभारंभ
इंदौर। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के तत्वावधान में 12 से 15 सितंबर तक त्रिदिवसीय श्री महावीर जी (रणथंभौर, सवाई माधोपुर) तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों से आए लगभग 400 दंपति सदस्य शामिल हो रहे हैं।
यात्रा का शुभारंभ आज शाम इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 5 से रेल द्वारा किया गया। तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालु महावीर जी मंदिर में भगवान की आराधना एवं पूजन-अर्चन करेंगे, साथ ही धार्मिक प्रवचनों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
फेडरेशन के मीडिया प्रभारी राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा की विशेषता यह है कि इसमें देशभर से आए हुए संघ के पदाधिकारी और सदस्य परिवार सहित शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन में फेडरेशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी अमित जी कासलीवाल परिवार सहित संघपति के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य समाज के सदस्यों में आपसी एकता, धार्मिक जागरूकता और आध्यात्मिक शांति की भावना को मजबूत करना है। तीन दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में सभी श्रद्धालु सामूहिक रूप से दर्शन, भक्ति और धार्मिक गतिविधियों में भाग लेंगे।
