टांडा रोड से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। सांसद सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया।
धार के आदिवासी अंचल में पहली बार पहुंचेगी रेल, 8 सितंबर से टांडा रोड-बड़ोदरा ट्रेन; सावित्री ठाकुर ने जताया आभार
दैनिक स्वराज वाणी | धार
धार। धार जिले के आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार रेल कनेक्टिविटी पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ 8 सितंबर 2026 को टांडा रोड रेलवे स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाएगी।
इस आयोजन को लेकर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा सांसद सावित्री ठाकुर को आमंत्रण भेजकर ऐतिहासिक समारोह में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
8 सितंबर को होगा नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ
आमंत्रण पत्र में उल्लेख किया गया है कि 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड स्टेशन से नई ट्रेन सेवा और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों का शुभारंभ भी किया जाएगा।
टांडा रोड तक रेल पहुंचने से धार जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
2014 से रेल कनेक्टिविटी के लिए प्रयासरत रहीं सावित्री ठाकुर
जारी प्रेस नोट के अनुसार, सांसद सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में अपने प्रथम कार्यकाल में सांसद निर्वाचित होने के बाद से धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को समय-समय पर रखा।
प्रेस नोट में इसे उनके निरंतर प्रयासों और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का परिणाम बताया गया है।
व्यापार, रोजगार और पर्यटन के खुलेंगे नए रास्ते
गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक रेल पहुंचने से केवल आवागमन की सुविधा ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके साथ ही बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना को स्वीकृति तथा रेल, सड़क, परिवहन एवं राज्य सरकार की ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्य प्रदेश एवं धार क्षेत्र में विकास को गति मिलने की बात कही गई है।
सावित्री ठाकुर ने पीएम मोदी, अश्विनी वैष्णव और सीएम मोहन यादव का जताया आभार
सांसद सावित्री ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टांडा रोड रेलवे स्टेशन से धार नगर के रेलवे स्टेशन तक का कार्य भी शीघ्र पूरा होगा और यह रेल कनेक्टिविटी क्षेत्र के विकास के नए युग का शुभारंभ साबित होगी।

