नई दिल्ली: दिल्ली के वसंत विहार स्थित कमला पसंद पान मसाला समूह के मालिक की बहू 25 नवंबर 2025 को अपने शयनकक्ष के ड्रेसिंग एरिया में मृत पाई गई। मृतिका की मां की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और सास के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(5) (सामान्य इरादे) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
घटना का विवरण :
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ घर में रहती थीं। घटना के समय पति और बच्चे घर में मौजूद नहीं थे। पति सुबह जिम और अन्य काम के लिए निकले थे। दोपहर के आसपास घर लौटने पर पति ने पत्नी को बेहोश पाया और स्टाफ की मदद से निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घर और घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों तथा कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में किया गया।

आरोप और विवाद :
मृतिका की डायरी में रिश्तों की कड़वाहट का जिक्र पाया गया। महिला के रिश्तेदारों का आरोप है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और पति ने दूसरी शादी की थी। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है और आगामी दिनों में और गवाहों के बयान लिए जाएंगे।
शादी और पारिवारिक विवरण :
मृतिका की शादी 2010 में हुई थी और वह गृहिणी थीं। व्यवसायी परिवार ने आरोपों का खंडन किया है। पुलिस ने कहा कि यह मामला संदिग्ध और अप्राकृतिक मौत की श्रेणी में आता है और आगे की जांच चल रही है।
