शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कथित ‘लॉटरी दुल्हन’ समेत तीन गिरफ्तार
दमोह देहात थाना पुलिस की कार्रवाई, तीन मोबाइल और 7,700 रुपये नकद बरामद; एक आरोपी पन्ना जेल में बंद
Damoh । सोनू अठया। Damoh देहात थाना पुलिस ने शादी के नाम पर कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला को पुलिस ने कथित ‘लॉटरी दुल्हन’ बताया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी पूर्व से पन्ना जेल में बंद बताया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश पिता रामकौशल विश्वकर्मा (38) ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में दिनेश ने आरोप लगाया कि गांव की नर्मदा पटेल ने अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटेल तथा मालती पटेल, निवासी ग्राम कनैरा, थाना जैसिंहनगर, जिला सागर के साथ मिलकर उसकी मुलाकात खुशबू राजपूत, निवासी रांझी, जबलपुर से कराई थी।
शिकायत के मुताबिक 20 अप्रैल 2026 को रानीगिर मंदिर में दिनेश और खुशबू की शादी कराई गई। दिनेश ने पुलिस को बताया कि शादी के एवज में उसने खुशबू राजपूत को 1.70 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके साथ ही करीब 2.40 लाख रुपये कीमत के जेवर भी दिए गए थे।
विवाह के कुछ दिन बाद 23 अप्रैल को मालती पटेल खुद को खुशबू की बड़ी बहन बताते हुए उसे कुछ दिन बाद वापस भेजने की बात कहकर अपने साथ जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू ने कथित तौर पर दिनेश से संपर्क नहीं किया। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने नर्मदा पटेल, नीरज उर्फ धीरज पटेल, मालती पटेल और खुशबू राजपूत के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि 28 अगस्त 2026 को नर्मदा पटेल और मालती पटेल को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मालती ने कथित तौर पर अपने पति नीरज उर्फ धीरज के साथ मिलकर शादी के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक नीरज उर्फ धीरज के खिलाफ पन्ना जिले के अमानगंज में ‘लॉटरी दुल्हन’ से संबंधित अन्य अपराध भी दर्ज हैं। वह वर्तमान में पन्ना जेल में बंद बताया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
मोबाइल में मिले कूटरचित आधार कार्ड
जांच के दौरान पुलिस ने मालती पटेल के मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में कई लड़कियों के कूटरचित आधार कार्ड भी मिले हैं। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल किन मामलों में किया गया और गिरोह में कितने लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
नर्मदा पटेल और मालती पटेल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
खुशबू को जबलपुर से किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को खुशबू राजपूत को रांझी, जबलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद खुशबू ने कोटा, राजस्थान में भी दूसरी शादी कर ली थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। पूछताछ और बरामद दस्तावेजों के आधार पर गिरोह के कथित नेटवर्क तथा अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
विवाह संबंध तय करने से पहले सत्यापन की अपील
दमोह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि विवाह संबंध तय करने से पहले संबंधित युवक-युवती तथा उनके परिवार की पहचान, पता और दस्तावेजों का उचित सत्यापन अवश्य करें। शादी के नाम पर किसी भी प्रकार का बड़ा आर्थिक लेन-देन करने से पहले पूरी जानकारी जुटाना जरूरी है।
पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की कि यदि विवाह के नाम पर धोखाधड़ी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम शामिल रही।
संवाददाता — सोनू अठया, स्वराज वाणी, दमोह, मध्यप्रदेश।
