Damoh के मगरोन थाना क्षेत्र में बड़ा हत्याकांड, पत्नी सहित 3 बच्चों की हत्या की खबर
Damoh । दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कबीरपुर से एक बेहद दुखद एवं चौंकाने वाली खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां एक बड़ा हत्याकांड हुआ है, जिसमें पत्नी सहित 3 बच्चों की हत्या की बात सामने आ रही है। हालांकि इस पूरे मामले में अभी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
पति को पुलिस ने लिया अभिरक्षा में
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद पुलिस ने पति को अभिरक्षा में ले लिया है। घटनास्थल पर थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद है और मामले की जांच में जुटा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है तथा घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने की सूचना
घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आईजी एवं डीआईजी स्तर के अधिकारियों के भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंचने की खबर सामने आ रही है। इसके साथ ही एसपी एवं एडिशनल एसपी भी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। एसडीओपी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी मिल रही है।
प्रशासन की सक्रियता से समझी जा सकती है घटना की गंभीरता
इतनी बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का मौके पर पहुंचना इस घटना की गंभीरता को दर्शाता है। स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क होकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है।
(नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। घटना के संपूर्ण तथ्य और आधिकारिक पुष्टि आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।)
