Damoh : पुराने पशु चिकित्सालय के गेट पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पशु चिकित्सक का आरोप, डायल 112 देखकर लौट गई थी
पशु चिकित्सक रुपेश पटेल का दावा, एक दिन पहले दर्द से तड़पते मिले थे व्यक्ति; कोतवाली पुलिस ने शुरू की जाँच
Damoh , कोमल अहिरवार (जिला ब्यूरो चीफ)। दमोह कोतवाली क्षेत्र में पुराने पशु चिकित्सालय के गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। मौके पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।
पशु चिकित्सक ने बताई पूरी बात
एमबीयू पशु चिकित्सक रुपेश पटेल के अनुसार, कल शाम उन्होंने डायल 112 को फोन कर सूचना दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति दर्द से तड़प रहा है। उनका आरोप है कि डायल 112 की गाड़ी मौके पर आई, लेकिन देखकर लौट गई।
आज सुबह वही व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। चिकित्सक के अनुसार, उन्होंने आज फिर डायल 112 को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। फोन करने के करीब एक घंटे बाद कोतवाली थाने से पुलिस मौके पर पहुँची।

मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद
पुलिस के अनुसार मौत का कारण शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और जाँच जारी है।
समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान?
पशु चिकित्सक का कहना है कि अगर कल समय पर व्यक्ति का इलाज हो जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। यह घटना आपात सेवा डायल 112 की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
