जनसुनवाई में 289 आवेदनों की सुनवाई, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
Damoh । कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के व्यारमा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 289 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को विभिन्न सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। 20 हितग्राहियों के आधार कार्ड अपडेट किए गए, जबकि 153 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके अलावा कई सामूहिक आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील पहल: बुजुर्ग को मिली श्रवण मशीन
जनसुनवाई में ग्राम बरखेड़ा भाट, ग्राम पंचायत कनियाघाटपटी निवासी लालचंद शर्मा ने अपनी सुनने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। दोनों कानों से सुनने में असमर्थ होने के कारण उन्हें दैनिक जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने उन्हें तत्काल आधुनिक श्रवण मशीन उपलब्ध कराई। श्रवण मशीन मिलने से बुजुर्ग के चेहरे पर खुशी लौट आई और अब उन्हें सुनने में काफी सुविधा मिलेगी। प्रशासन की यह पहल जरूरतमंदों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने का एक सराहनीय उदाहरण बनी।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर ब्रजेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, डिप्टी कलेक्टर रानी अहिरवार, लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता सोनू अठया स्वराज वाणी दमोह मध्य प्रदेश
