नई दिल्ली: देशभर में आज 76वां राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पुराने संसद भवन में राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि संविधान दिवस पर हम अपने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके दूरदर्शी विचार हमें एक विकसित भारत के निर्माण के लिए हमेशा प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि हमारा संविधान मानवीय गरिमा, समानता और स्वतंत्रता को सर्वोच्च महत्व देता है। यह न केवल हमारे अधिकारों को सशक्त बनाता है, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है, जिन्हें निभाना हर नागरिक का दायित्व है। ये कर्तव्य हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाने की नींव हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
राष्ट्रीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति की मौजूदगी
संविधान दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति होगी।
