पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी, मिहोना थाने में शिकायत दर्ज
मिहोना (भिण्ड)। मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गोविंद सिंह के विरुद्ध सोशल मीडिया (फेसबुक) पर अपमानजनक भाषा और गंभीर झूठे आरोप लगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मिहोना थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
थाने में सौंपा लिखित आवेदन
प्रशांत सिंह राजावत ने मिहोना थाने में लिखित आवेदन देकर रोहित शर्मा नामक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध तत्काल मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
22 सितंबर को फेसबुक पर की गई पोस्ट
शिकायत के अनुसार रोहित शर्मा ने 22 सितंबर को फेसबुक पर एक पोस्ट कर डॉ. गोविंद सिंह पर संपत्ति को लेकर अभद्र एवं असंवैधानिक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह पोस्ट गंभीर झूठे आरोपों पर आधारित है।
छवि खराब करने की नीयत का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 1990 से 2023 तक लगातार विधायक और पूर्व मंत्री रहे डॉ. गोविंद सिंह की छवि समाज और पूरे प्रदेश में खराब करने की नीयत से यह पोस्ट प्रसारित की गई। उन्होंने मांग की है कि ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सोशल मीडिया पर किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की प्रवृत्ति पर रोक लगे।
