महाविद्यालय में विकसित भारत-2047 और साइबर सुरक्षा पर व्याख्यान, नशामुक्ति को लेकर निकली रैली
छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी, नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 विषय पर डॉ. गजानंद ठाकरे ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित भारत के लक्ष्य और देश के विकास में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद साइबर सुरक्षा विषय पर आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, एपीके फाइल और मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल इसकी शिकायत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर करनी चाहिए। विद्यार्थियों को संदिग्ध लिंक, फाइल और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने की अपील की।

नशामुक्ति को लेकर जागरूकता रैली
कार्यक्रम के तहत नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय से बरखेड़ तिराहे तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) पुरुष इकाई प्रभारी डॉ. विकेश कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
बरखेड़ तिराहे पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों को सामने रखा। नाटक के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। इसके बाद महाविद्यालय में नशामुक्ति विषय पर लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में सभी कार्यक्रम प्रभारी, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
