—Advertisement—

जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें निराकरण: कलेक्टर

Author Picture
Published On: 7 September 2026
tytr

—Advertisement—

जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें निराकरण: कलेक्टर

सड़क मरम्मत, गौवंश संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और खाद वितरण को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

संवाददाता:  स्वराज वाणी सोनू अठया दमोह मध्य प्रदेश

दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करें। आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सड़कों की मरम्मत, गौवंश संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद वितरण, स्वच्छता, दिव्यांग प्रमाणपत्र, पेंशन प्रकरण और आगामी सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर मिलेगा नोटिस

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लगातार तीन माह से ‘सी’ और ‘डी’ ग्रेड में रहने वाले विभागों के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को संबंधित विभाग प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिन शिकायतों का विभागीय स्तर पर निराकरण संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। फोर्स क्लोज किए जाने योग्य मामलों के प्रस्ताव भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भेजे जाएं। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र की लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी करने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

‘सड़क से गौशाला’ अभियान में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने सड़कों पर विचरण करने वाले गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘सड़क से गौशाला’ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गौवंश की मौजूदगी से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों के साथ गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

बैठक में बटियागढ़ क्षेत्र में अभियान के बेहतर क्रियान्वयन की सराहना की गई। वहीं हिंडोरिया और पटेरा क्षेत्र में अभियान की स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बिना अनुमति गौशालाओं से गौवंश छोड़े जाने की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।

जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को क्षेत्र में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए। लोगों और पशुपालकों को बताया जाएगा कि सड़क पर मिलने वाले गौवंश को हांका दल के माध्यम से निकटतम गौशाला पहुंचाया जाएगा। संबंधित पशु मालिक से नियमानुसार जुर्माना और अन्य निर्धारित शुल्क भी वसूला जाएगा।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द हो मरम्मत

बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और ग्रामीण मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में कीचड़, गड्ढों और जलभराव से प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द आवागमन योग्य बनाया जाए।

जबलपुर स्टेट हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों में गड्ढे भरने, आवश्यक स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने और क्षतिग्रस्त नालियों एवं पुलियाओं की मरम्मत कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

स्वास्थ्य केंद्रों में संसाधनों का हो समुचित उपयोग

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध मानव संसाधन और चिकित्सा उपकरणों का समुचित उपयोग करते हुए क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

नगरीय क्षेत्रों में जलभराव और गंदगी की समस्या को देखते हुए नगर पालिका अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई कराने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सभी विभाग प्रमुखों को आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पात्र किसानों को पारदर्शी तरीके से मिले खाद

खाद वितरण की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित शासकीय सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र किसानों को नियमानुसार, पारदर्शी तरीके से और प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद वितरण व्यवस्था में किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में अधिकारियों ने एक रैक खाद शीघ्र प्राप्त होने की जानकारी भी दी।

बरपटी पहाड़ी से 15 दिन में हटाया जाए कचरा

बैठक के दौरान बरपटी पहाड़ी पर फैले कचरे का मुद्दा भी उठाया गया। डीएफओ ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को 15 दिन के भीतर पहाड़ी से कचरा हटाने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद बरपटी पहाड़ी पर पौधारोपण प्रस्तावित है। इससे पहले क्षेत्र की सफाई और आवश्यक तैयारियां पूरी की जानी हैं।

दिव्यांग प्रमाणपत्र और पेंशन प्रकरणों पर नाराजगी

utyमुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की ‘परख’ रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने चिन्हित कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र और पात्र हितग्राहियों के पेंशन प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।

जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की नियमित बैठक लेकर सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित योजनाओं एवं लंबित मामलों की समीक्षा करने को कहा गया।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

बैठक में 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को अभियान की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा प्रत्येक गतिविधि का सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। विभागीय अधिकारी क्षेत्र का नियमित भ्रमण करें, नागरिकों की समस्याएं सुनें और उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp