नोहटा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपलब्धता और दवाओं की कमी पर कलेक्टर सख्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया निरीक्षण; डॉक्टर को समय पर उपस्थित रहने और सीएमएचओ को पर्याप्त दवाइयाँ सुनिश्चित करने के निर्देश
दमोह, आमिर खान (संवाददाता, दमोह तहसील)।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज नोहटा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में मौजूद लोगों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताई समस्या
चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि अस्पताल में डॉक्टर पूरे समय उपलब्ध नहीं रहते और दवाइयाँ भी पर्याप्त नहीं हैं।

डॉक्टर और सीएमएचओ को निर्देश
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित डॉक्टर को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय तक अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों का नियमित परीक्षण और उपचार सुनिश्चित करें, ताकि मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी निर्देश दिए कि केंद्र में निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँ।
“लापरवाही बर्दाश्त नहीं”
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर उपचार देना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
