MP News, उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने छोटे बेटे अभिमन्यु यादव की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में करने जा रहे हैं। यह आयोजन न केवल एक व्यक्तिगत उत्सव होगा, बल्कि खर्चीले विवाह समारोह में मितव्ययिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।
शादी का आयोजन रविवार को उज्जैन के शिप्रा तट पर किया जाएगा। सीएम अपने बेटे की शादी डॉ. ईशिता पटेल के साथ 20 अन्य जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में करेंगे। इस आयोजन में सीएम स्वयं सभी नवविवाहित जोड़ों के बाबुल बनकर आशीर्वाद देंगे।
सादगी और सामाजिक संदेश :
इस आयोजन की विशेषता इसकी सादगी है। शादी के लिए तैयार किए गए निमंत्रण कार्ड की कीमत केवल 10-12 रुपये है और इसमें सभी 21 जोड़ों के नाम छपे हैं। कार्ड पर स्पष्ट लिखा गया है कि उपहार न लाएँ। सीएम मोहन यादव ने इस पहल के जरिए खर्चीले समारोह की जगह सामाजिक संदेश देने की कोशिश की है।

VVIP मेहमान होंगे शामिल :
शादी में कई VVIP मेहमान उपस्थित रहेंगे। संभावित अतिथियों में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, थावरचंद गेहलोत, आनंदीबेन पटेल, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, रिश्तेदार और समाज के अन्य लोग शामिल होंगे।
शादी का खर्च समाज द्वारा नहीं :
सामूहिक विवाह समारोह का खर्च यादव परिवार वहन कर रहा है। 42 परिवारों से कोई राशि नहीं ली गई है। नवविवाहित जोड़ों को सोने-चांदी के जेवर, बाइक और अन्य उपहार दिया जाएगा।

CM निवास पर पूजा और कार्यक्रम :
शुक्रवार को उज्जैन की गीता कॉलोनी स्थित पुश्तैनी घर से माता पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर सीएम पत्नी सीमा यादव, रिश्तेदार, पड़ोसी और ईष्ट-मित्र शामिल हुए।
