मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए नई योजना ‘लखपति एक बीघा किसान योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। यह योजना किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और छोटे क्षेत्र में अधिक आय अर्जित करने के लिए प्रेरित करेगी।
CM मोहन यादव ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 5 दिसंबर को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के साथ बैठक कर अधिकारियों को इस योजना को लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री लखन पटेल, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
योजना की मुख्य बातें
- योजना का उद्देश्य उच्च मूल्य वाली फसलें, मॉडर्न एग्रीकल्चर तकनीक, बेहतर सिंचाई साधन और इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना है।
- कम क्षेत्र में अधिक आय प्राप्त करने वाले किसानों को इस योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा।
- राज्य सरकार जिलेवार डेटा तैयार कर रही है ताकि उन किसानों की पहचान की जा सके जो एक बीघा भूमि से एक लाख रुपये या उससे अधिक की आय अर्जित करते हैं।
- ऐसे किसानों को राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाएगा।
नरवाई प्रबंधन और आदर्श नर्सरी योजना
सीएम मोहन यादव ने कहा कि किसानों को बिचौलियों से बचाने और सीधे बाजार में लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीक से बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए ग्राम स्तर पर सघन गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा, हर संभाग की नर्सरियों को आदर्श रूप में विकसित करने और नरवाई प्रबंधन के लिए तीन वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
