सौरव दास और आशुतोष रांका जंतर-मंतर से फिर हिरासत में, गेट कूदकर अंदर जाने का आरोप, FIR की संभावना
जंतर-मंतर पर अब धरना-प्रदर्शन पर रोक, रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड तय, दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक सौरव दास अपने कुछ दोस्तों के साथ जंतर-मंतर आए थे, जहां पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
JDU दफ्तर की ओर से गेट कूदकर पहुंचने की बात
बताया जा रहा है कि सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP के कुछ अन्य लोग जंतर-मंतर के पास JDU दफ्तर के परिसर की तरफ से अंदर आए और गेट कूदकर जंतर-मंतर के एक तरफ पहुंच गए। वहीं पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में दिल्ली पुलिस FIR भी दर्ज कर सकती है।
रांका ने शेयर किया वीडियो
आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें “भारत माता की जय” के नारे लगाए जा रहे हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है।
शनिवार को भी लिए गए थे हिरासत में
इससे पहले शनिवार को CJP के अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली में हिरासत में लिया गया था। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने तीनों को विमान से ही हिरासत में ले लिया था।
जंतर-मंतर पर अब प्रदर्शन नहीं हो सकेगा
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को सुरक्षा कारणों से जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने का फैसला लिया। प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय किए गए हैं: रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड।
दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में बंद किए जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट आज मंगलवार को सुनवाई करेगा। कोर्ट ने सोमवार को इस याचिका के साथ प्रदर्शन के दौरान “बाहरी लोगों” के घुसने और प्रदर्शनकारियों को परेशान किए जाने के आरोपों वाली एक अन्य याचिका पर भी आज सुनवाई की सहमति दी थी।
