चौटाला परिवार का इंदौर आगमन
इंदौर/उज्जैन (निप्र):
हरियाणा के पाँच बार मुख्यमंत्री रहे स्व. ओमप्रकाश चौटाला के परिवार का इंदौर आगमन हुआ। 25 सितंबर को रोहतक में आयोजित भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) द्वारा आयोजित सफल रैली के समापन उपरांत चौटाला परिवार ने उज्जैन स्थित श्री महाकाल मंदिर में भस्मारती के दर्शन किए।
इस अवसर पर इंडियन नेशनल लोकदल की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सिरसा जिला परिषद के चेयरमैन एवं हरियाणा वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष करण चौटाला तथा सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ गुज्जर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चौधरी देवीलाल के पारिवारिक सदस्य डॉ. भरत शर्मा ने बताया कि रोहतक में हुई रैली की सफलता से उत्साहित चौटाला परिवार सदा से बाबा महाकाल का भक्त रहा है और समय-समय पर उज्जैन में दर्शन हेतु आता रहा है।
हरियाणा की राजनीति में नए संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, हरियाणा की राजनीति अब चौटाला परिवार के विघटन को समाप्त करने के संकेत दे रही है। विदित हो कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ओमप्रकाश चौटाला के बड़े पुत्र अजय चौटाला ने पूर्व में नई पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का गठन किया था। उनके पुत्र दुष्यंत चौटाला भी हरियाणा के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं।
स्व. ओमप्रकाश चौटाला के निधन के पश्चात खाप पंचायतों तथा विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों द्वारा परिवार को एकजुट कर पैतृक संस्था इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) में पुनः विलय की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है।
आईएनएलडी की भूमिका
एक प्रादेशिक पार्टी के रूप में इंडियन नेशनल लोकदल हरियाणा की राजनीति में गहरा प्रभाव रखती है और आगामी चुनावों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

