जिला प्रशासन की जनसुनवाई में संवेदनशील पहल
वृद्ध को मिली तत्काल पेंशन, विधवा महिला और बच्चों को मिलेगी आर्थिक सहायता
दैनिक स्वराज वाणी न्यूज
घनेन्द्र सिंह बुन्देला
जिला व्यूरो चीफ छतरपुर मध्य प्रदेश 9630972569
मृत्यु उपरांत उत्तराधिकारी को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मिली 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि
Chhatarpur । जिला प्रशासन छतरपुर द्वारा आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ निराकरण किया गया। कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देशन में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नमः शिवाय अरजरिया, अपर कलेक्टर श्री विनय द्विवेदी, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वृद्ध को जनसुनवाई में ही मिली पेंशन की सौगात
जनसुनवाई में नौगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम ढिगपुरा निवासी राधे द्वारा आर्थिक सहायता की मांग रखी गई थी। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा उनकी पात्रता का परीक्षण कराया गया। जांच में पात्र पाए जाने पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा उन्हें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 600 रुपए पेंशन स्वीकृत की गई।
विशेष बात यह रही कि पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करते हुए जनसुनवाई स्थल पर ही उन्हें स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। पेंशन स्वीकृति मिलने के बाद वृद्ध आवेदक के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी सहायता साबित हो रहे हैं।

श्रमिक की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारी को मिली आर्थिक सहायता
जनसुनवाई के दौरान एक अन्य प्रकरण में श्रमिक तिजिया अहिरवार की मृत्यु उपरांत उनके उत्तराधिकारी रामचरण अहिरवार को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना 2.0 के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।
प्रशासन द्वारा प्रकरण की जांच और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद रामचरण अहिरवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया।
यह सहायता राशि परिवार के लिए आर्थिक संबल का कार्य करेगी। अधिकारियों ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य संकटग्रस्त परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कठिन परिस्थितियों में आर्थिक परेशानियों का सामना कम करना पड़े।
विधवा महिला और बच्चों को मिलेगी सहायता
जनसुनवाई में ग्राम तिदनी, नौगांव निवासी धर्मकुमारी कुशवाहा, पति स्वर्गीय संतोष कुशवाहा, ने पति के निधन के बाद उत्पन्न आर्थिक संकट से प्रशासन को अवगत कराया।
महिला ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और बच्चों के पालन-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग को निर्देशित किया कि धर्मकुमारी कुशवाहा को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपए की एकमुश्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए कि धर्मकुमारी कुशवाहा के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 4 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
201 आवेदनों पर हुई सुनवाई
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुल 201 आवेदनों पर सुनवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के माध्यम से जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। इससे आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहायता मिल रही है।
प्रशासन द्वारा आधार कार्ड, समग्र आईडी, पेंशन, आर्थिक सहायता और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जा रहा है।

वृद्ध महिला भूरी यादव की आधार समस्या का हुआ समाधान
जनसुनवाई के दौरान जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता का एक और उदाहरण प्रस्तुत किया। बड़ामलहरा तहसील निवासी वृद्ध महिला श्रीमती भूरी यादव, पति छुट्टी यादव, ने बताया कि उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है।
महिला की समस्या को कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल ने गंभीरता से लिया और तत्काल जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री राहुल तिवारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने महिला के दस्तावेजों का परीक्षण किया और यूआईडीएआई पोर्टल पर जानकारी की जांच की। जांच में सामने आया कि महिला का आधार कार्ड पहले से ही बना हुआ था, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
इसके बाद यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। ईआईडी नंबर के आधार पर महिला का आधार नंबर प्राप्त किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक नहीं था।
प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक कराया गया और उन्हें आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया।
जनसुनवाई बनी जनता और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी
छतरपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है। यहां न केवल समस्याओं को सुना जा रहा है, बल्कि पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देशन में प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वृद्धों को पेंशन, जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता, बच्चों के लिए योजनाओं का लाभ और दस्तावेज संबंधी समस्याओं का समाधान इस बात का प्रमाण है कि जनसुनवाई व्यवस्था आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और उनका समाधान समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। इससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य को मजबूती मिल रही है।
