मंदिरों से घरों तक गूंजे माता के जयकारे, पड़ाना में जगह-जगह हुई घट स्थापना, चल समारोह के साथ पहुंची मां दुर्गा की प्रतिमा
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा, मंदिरों में अखंड ज्योत प्रज्वलित, गांधी चौक पर महाआरती
पड़ाना। नगर और आसपास के क्षेत्रों में मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई। नवरात्र के पहले दिन मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और माता के जयकारों से परिसर गूंज उठे। भक्तों ने व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गांवों में भी दिखा उत्साह
पड़ाना सहित मऊ, मगराना, आसारेटा, पंवार, रामपुरिया, करौंदी, गुलावता और सुल्तानिया समेत आसपास के गांवों में नवरात्र को लेकर उत्साह रहा।
मंदिरों में मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना
नगर के समीप जंगल में स्थित मां आशापुरी मंदिर में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सदर बाजार स्थित अंबे माता मंदिर, नरसिंह मंदिर और माली मोहल्ला स्थित माताजी मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की गई। मंदिरों में अखंड ज्योत भी प्रज्वलित की गई।
मां को अर्पित की पूजन सामग्री, भजनों से गूंजा मंदिर
पहले दिन भक्तों ने मां शैलपुत्री को लाल चुनरी, नारियल, पुष्प, फल और श्रृंगार सामग्री अर्पित की। सदर बाजार के अंबे माता मंदिर में महिलाओं ने भजन-गीत गाकर आराधना की और घर-परिवार में सुख-शांति व समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। झिरी स्थान आश्रम स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे से श्रद्धालुओं ने नवाह्न पाठ प्रारंभ किया।
चल समारोह के साथ पहुंची मां दुर्गा की प्रतिमा
शाम को गांधी चौक बस स्टैंड पर मां आशापुरी मंच पर नवरात्र का उल्लास दिखा। आशापुरी मित्र मंडल और ग्रामवासियों के सहयोग से डीजे, ढोल और आतिशबाजी के बीच ट्रैक्टर में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा का चल समारोह निकला। प्रतिमा को मंच पर लाया गया, जहां पंडित गौरव शर्मा ने वैदिक रीति से पूजा-अर्चना कर घट स्थापना कराई। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
नौ दिन चलेगा भक्ति का सिलसिला
नवरात्र के शुभारंभ के साथ नगर और आसपास भक्तिमय माहौल है। आगामी नौ दिनों तक मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होते रहेंगे।
