सीबीएसई ने दसवीं बोर्ड परीक्षा साइंस और सोशल साइंस सब्जेक्ट को लेकर जरूरी गाइडलाइंस जारी की है। जिसका पालन स्टूडेंट्स को करना होगा। बोर्ड ने सभी स्कूलों को यह जानकारी छात्रों और अभिभावकों के बीच शेयर करने की सलाह भी दी है।
CBSE बोर्ड ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में नया पैटर्न जारी किया है। इस बदलाव का उद्देश्य प्रश्न पत्र की रिवैल्यूएशन प्रक्रिया को और अधिक स्पष्ट और गुणवत्ता पूर्ण बनाना है। नए पैटर्न के अनुसार, दोनों विषयों के प्रश्न पत्र अब अलग-अलग सेक्शन में विभाजित होंगे।
विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के नए पैटर्न
विज्ञान का पेपर अब तीन सेक्शन में बांटा जाएगा:
- सेक्शन A: बायोलॉजी
- सेक्शन B: केमिस्ट्री
- सेक्शन C: फिजिक्स
सामाजिक विज्ञान का पेपर चार सेक्शन में विभाजित होगा:
- सेक्शन A: इतिहास
- सेक्शन B: भूगोल
- सेक्शन C: राजनीतिक विज्ञान
- सेक्शन D: अर्थशास्त्र
CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सैंपल पेपर और नए पैटर्न को आधिकारिक वेबसाइट https://www.cbse.gov.in पर अवश्य देखें।
पहले का पैटर्न
पहले विज्ञान का पेपर 5 सेक्शन में और सामाजिक विज्ञान का 6 सेक्शन में विभाजित होता था। इसमें एमसीक्यू, शॉर्ट आंसर, लॉन्ग आंसर, केस-बेस्ड और मैप-बेस्ड प्रश्न शामिल थे। नए पैटर्न में यह पुराना ढांचा लागू नहीं होगा।
स्टूडेंट्स के लिए जरूरी नियम
- विज्ञान के तीन सेक्शन और सामाजिक विज्ञान के चार सेक्शन में उत्तर पुस्तिका को बांटना अनिवार्य है।
- छात्रों को केवल सही सेक्शन में ही उत्तर लिखना होगा।
- किसी सेक्शन के उत्तर को गलत सेक्शन में लिखने पर अंक नहीं मिलेंगे।
- ऐसी गलतियों को परिणाम घोषित होने के बाद रिवैल्यूएशन या वेरिफिकेशन में भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्कूलों के लिए निर्देश
CBSE ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे छात्रों को नए पैटर्न की जानकारी दें और उन्हें प्रैक्टिस कराने के लिए तैयार करें। यह नियम प्री-बोर्ड परीक्षा में भी लागू होगा।
परीक्षा तिथियाँ
विज्ञान पेपर: 25 फरवरी 2026 (3 घंटे)
सामाजिक विज्ञान पेपर: 7 मार्च 2026, सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक
