भोपाल विधानसभा परिसर में होगा ऐतिहासिक सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव, आचार्य श्री समयसागर जी महाराज ससंघ का मिलेगा मंगल सानिध्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे अध्यक्षता
दैनिक स्वराज वाणी
राजेश जैन दद्दू, भोपाल।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में धर्म, क्षमा और विश्व मैत्री का संदेश देने वाला विश्व मैत्री सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे से मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में प.पू. नवाचार्य आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में होगा।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि आयोजन में समाधिस्थ संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं भगवान आदिनाथ कुंडलपुर बड़े बाबा के चित्र के सानिध्य में समाजजन और श्रद्धालु “सबसे क्षमा, सबको क्षमा” की भावना के साथ उत्तम क्षमा की आराधना करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि
आयोजकों के अनुसार समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
विशेष अतिथियों के रूप में कैबिनेट मंत्री चेतन कश्यप, विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, सांसद आलोक शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी तथा विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवान दास सबनानी की उपस्थिति प्रस्तावित है।
ब्रह्मचारी विनय भैया बंडा के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
कार्यक्रम का निर्देशन ब्रह्मचारी विनय भैया बंडा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।
समिति ने कहा कि श्रद्धालु “मिच्छामी दुक्कडम” की भावना के साथ एक-दूसरे से क्षमा मांगकर उत्तम क्षमा और विश्व मैत्री का संदेश दें।
