भोपाल : भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में एक वरिष्ठ वकील द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात 68 वर्षीय एडवोकेट शिवकुमार शर्मा ने अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि उन्हें एक व्यक्ति ने फोन पर बताया था कि दिल्ली में हुई एक साजिश में उनका नाम सामने आया है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, इस फोन कॉल के बाद से शर्मा मानसिक तनाव में थे। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी ने उन्हें आतंकी साजिश में फंसाने और ठगी करने की कोशिश की होगी। मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे उन्होंने यह कठोर कदम उठाया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल्स और सुसाइड नोट की सामग्री के आधार पर मामले की गहन जांच की जाएगी। बुधवार को उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया और पुलिस अब कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
