भोपाल: भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र में जबरन धर्मांतरण का मामला गरमाता जा रहा है। युवक शुभम गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि उसे दबाव डालकर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और उसका नाम बदलकर अमन खान कर दिया गया। वह पिछले तीन वर्षों से इसी पहचान के साथ जीवन जी रहा था। अब शुभम ने पुनः हिंदू धर्म में लौटने की इच्छा जताई है।
मंत्री से मुलाकात—घर वापसी का आश्वासन
शुभम की शिकायत के बाद मंत्री विश्वास कैलाश सारंग उससे मिले और उसे शास्त्रानुसार घर वापसी का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि युवक ने जनदर्शन में उपस्थित होकर पूरी घटना बताई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित परिवार के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवक का दावा—धमकी, दबाव और झूठे केस
शुभम ने बताया कि 2022 में एक युवती से पहचान के बाद उसके जीवन में समस्याएं शुरू हुईं। आरोप है कि युवती के परिवार ने पहले सामाजिक और कानूनी दबाव बनाया, फिर झूठे केस दर्ज करवाए, जिनके कारण उसे जेल भी जाना पड़ा। जेल से बाहर आने के बाद भी धमकियां जारी रहीं और उस पर जबरन धार्मिक पहचान बदलने का दबाव बनाया गया। इस दौरान वह घर और परिवार से अलग रहा तथा उसकी नौकरी भी चली गई।

घर वापसी की इच्छा
शुभम ने कहा कि वह लगातार डर और सामाजिक दबाव में था, इसलिए वह अपनी पहचान खो बैठा। जनदर्शन में पहुंचकर उसने अपनी स्थिति बताई और घर वापसी की इच्छा जताई। मंत्री सारंग ने कहा कि युवक की सुरक्षा और आगे की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
