भीनमाल विकास परिषद ने निंबावास स्थित कीड़ी नगरा में विशेष श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया। सदस्यों ने प्लास्टिक कचरा हटाकर श्रद्धालुओं से डस्टबिन के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की अपील की।
भीनमाल विकास परिषद ने ‘कीड़ी नगरा’ में चलाया स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्ति का दिया संदेश
निंबावास के पवित्र स्थल पर सदस्यों ने किया श्रमदान, श्रद्धालुओं से प्लास्टिक थैलियां डस्टबिन में डालने की अपील
भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। भीनमाल विकास परिषद की सक्रिय टीम ने निकटवर्ती ग्राम निंबावास स्थित पवित्र स्थल ‘कीड़ी नगरा’ में विशेष श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण और पवित्र स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं हाथों में झाड़ू एवं अन्य सफाई उपकरण लेकर पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। यहां फैली प्लास्टिक की थैलियों एवं अन्य कचरे को एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण किया गया।
परिषद के सदस्यों ने बताया कि कीड़ी नगरा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु चींटियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए दाना-पानी लेकर पहुंचते हैं। कई बार दाना लाने के लिए उपयोग की गई प्लास्टिक की थैलियां परिसर में ही छोड़ दी जाती हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ पशु-पक्षियों एवं अन्य जीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
जागरूकता के लिए लगाए विशेष बैनर
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए भीनमाल विकास परिषद ने परिसर में जागरूकता संदेश वाले विशेष बैनर भी लगाए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्लास्टिक एवं अन्य कचरा खुले में नहीं फेंकने का संदेश दिया गया।
परिषद ने सभी धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि कीड़ी नगरा सींचने के बाद प्लास्टिक की थैलियों और अन्य कचरे को परिसर में निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। इससे पवित्र स्थल की स्वच्छता के साथ पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा में भी सहयोग मिलेगा।
श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान में परिषद सचिव अशोक धारीवाल, सुमित बाहेती, मनीष बिस्सा, गोपाल बालोत, दिनेश जालोरी और शैलेष दवे सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, जीव-दया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
