भीनमाल में श्रीमाली फाउंडेशन द्वारा 26 अक्टूबर को श्रीमाली ब्राह्मण समाज की बगेची में गरबा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन के पोस्टर का विमोचन कर तैयारियां शुरू की गईं।
श्रीमाली फाउंडेशन का भव्य गरबा महोत्सव 26 अक्टूबर को, पोस्टर का हुआ विमोचन
श्रीमाली ब्राह्मण समाज की बगेची में होगा आयोजन, सुरक्षा-पार्किंग सहित व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू
भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। श्रीमाली फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य गरबा महोत्सव के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। श्रीमाली ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष शेखर व्यास, समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने हर्षोल्लास के साथ पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ किया।
फाउंडेशन अध्यक्ष कपिल व्यास ने बताया कि इस वर्ष गरबा महोत्सव का आयोजन 26 अक्टूबर को श्रीमाली ब्राह्मण समाज की बगेची में किया जाएगा। आयोजन की घोषणा के साथ ही समाज के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए अलग-अलग स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
फाउंडेशन सचिव निखिल दवे ने बताया कि गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने श्रीमाली ब्राह्मण समाज के सभी समाजबंधुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में गरबा महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर भगवती प्रसाद दवे, प्रवीण दवे, रवि ठाकुर, हिमांशु दवे, सुरेन्द्र दवे, मनीष दवे, धवल दवे, राघव दवे, अश्विन व्यास, महेंद्र व्यास और विशाल दवे सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
आयोजन को लेकर समाज के युवाओं में उत्साह का वातावरण है और श्रीमाली फाउंडेशन द्वारा महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
